
भोपाल। गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर मार्केट में वर्षों से संचालित 208 दुकानों को हटाने के प्रस्ताव के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुँचकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि ये दुकानें मुख्य रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों द्वारा संचालित की जा रही हैं और यही उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों को हटाया गया तो इन पर निर्भर सैकड़ों परिवारों की दैनिक ज़िंदगी और आर्थिक सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ेगा।
प्रवीण सक्सेना ने प्रशासन से आग्रह किया कि जब तक सरकार प्रभावित व्यापारियों को उपयुक्त वैकल्पिक व्यावसायिक स्थल उपलब्ध नहीं कराती, तब तक किसी भी दुकान को तोड़ा या हटाया न जाए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल व्यापारियों से जुड़ा नहीं है, बल्कि अनेक परिवारों के सम्मान, अस्तित्व और रोज़गार से सीधे तौर पर संबंधित है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ व्यापार का मुद्दा नहीं, बल्कि आम नागरिकों के आजीविका के अधिकार की रक्षा का प्रश्न है।”
ज्ञापन सौंपने के दौरान आनंद नगर व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ कांग्रेस के कई नेता उपस्थित रहे, जिनमें मतदाता सूची प्रशिक्षण प्रभारी ललित सेन, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रविंद्र साहू, पूर्व पार्षद मनीष यादव तथा भोपाल युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा शामिल थे। सभी ने व्यापारियों के हित में शीघ्र और न्यायोचित निर्णय लेने की मांग की।
