
सुरेश पाण्डेय पन्ना। बुंदेलखंड सहित प्रदेश के आस्था का केंद्र पवित्र नगरी पन्ना में विश्व प्रसिद्ध मंदिरों मे होने वाले आयोजन आज भी अपनी अमिट छाप छोड़े हुये हैं। इसी कड़ी में वर्ष में एक बार होली के बाद तृतीया को एक मात्र भगवान युगल किशोर जी सखी वेश धारण कर महारानी राधा के साथ होली खेलते हैं इस परंपरा को समूचे बुंदेलखंड के लोग बडे उत्साह के साथ मनाते हैं और हजारों श्रृद्धालु इस दिन श्री युगल किशोर जी मंदिर पन्ना पहुंचते हैं। किशोर जी मंदिर के पुजारी से हासिल जानकारी के अनुसार 5 मार्च की द्वितीया को यहां भगवान रात्रि मे 12 बजे सखी वेश धारण करेंगे जिनके सखी वेश के दर्शन रात्रि 12 बजे से 12.30 बजे तक होंगे तथा 6 मार्च को ही प्रातः 5 बजे से 10 बजे तक भगवान श्री युगल किशोर जी राधा रानी के संग होली खेलेंगे। इस अनुपम दृश्य को देखने तथा परम्परा को निभाने के लिए हजारों श्रृद्धालु पन्ना जिले सहित समूचे बुंदेलखंड से आएंगे। भगवान के इस सखी वेष के दर्शन करने पन्ना के श्री जुगुल किशोर मन्दिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है। इस दिन भगवान युगल किशोर ने महारानी राधा जी के वस्त्र घांघरा एवं चोली पहनते हैं और सिर पर चुनरी डालते हैं वहीं राधा रानी जी अपने सिर में मुकुट धारण कर हाथों मे बांसुरी धारण कर लेती हैं। वर्ष में मात्र एक बार सजने वाली भगवान के सखी वेश की इस मनोरम झांकी के दर्शन के लिये पन्ना सहित बुंदेलखंड के अन्य जिलों के दर्शनार्थी हजारों की संख्या में पहुंचते हैं।
