सीहोर। पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता और पहली बार प्रदेश में भगवा लहराने की खुशी अब देशभर में उत्साह के रूप में देखने को मिल रही है. इसी कड़ी में नगर में भी कार्यकर्ताओं द्वारा अनोखे अंदाज में जीत का जश्न मनाया गया.
इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य ने पश्चिम बंगाल की जीत पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनहितैशी नीतियों की जीत बताई. नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के नेतृत्व में शहर के मुख्य चौराह नपा के पास आमजन एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन झलमुड़ी का वितरण किया गया.
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत भारतीय राजनीति का एक ऐतिहासिक मोड़ है. उन्होंने इसे पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व, सुशासन और विकासवाद की जीत बताते हुए कहा कि देश की जनता अब परिवर्तन और विकास की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है. भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण आमजन का विश्वास निरंतर बढ़ा है, जिसका परिणाम विभिन्न राज्यों में पार्टी को मिल रही सफलता के रूप में सामने आ रहा है. उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रचार के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा झलमुड़ी का जिक्र किए जाने के बाद यह व्यंजन पूरे देश में चर्चा का विषय बना था. कार्यक्रम के दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा, सभी पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम ने शहर में राजनीतिक उत्साह का माहौल निर्मित करते हुए भाजपा की बढ़ती जनस्वीकृति को भी दर्शाया.
इसी तरह आष्टा में भी नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार करते हुए मिठाई का वितरण किया. इस मौके पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मेवाड़ा ने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी का कुशासन का अंत किया है.
