इस्लामाबाद, 28 जून (वार्ता) पाकिस्तान के दक्षिणी बंदरगाह शहर कराची में रेंजर्स के ठिकाने पर आतंकवादी हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गये। वहीं सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चार आतंकवादियों को मार गिराया।
सिंध के महानिरीक्षक (आईजी) जावेद आलम ओधो ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना स्थानीय समयानुसार शनिवार रात करीब 8:10 बजे हुई। आतंकवादियों के एक समूह ने कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके के पास रेंजर्स की इमारत के मुख्य गेट पर विस्फोटकों से लदी गाड़ी टकरा दी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई गोलीबारी में चार आतंकवादी मारे गये।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने परिसर के भीतर हमलावरों को घुसने से रोक दिया।
सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने अधिकारियों को दोषियों को पकड़ने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिये हैं।
