
नीमच। शहर के जवाहर नगर विस्तार में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि चार नकाबपोश बदमाशों ने रात करीब 2 बजे एक सूने मकान को निशाना बना लिया। बदमाशों ने पहले वेंटिलेशन के रास्ते घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली तो जाली वाला गेट और मुख्य दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद दूसरे प्रवेश द्वार पर लगे लोहे के मजबूत सरिये के कुंदे को भी तोडक़र मकान में दाखिल हो गए। घर के अंदर पहुंचकर बदमाशों ने कमरों, पलंग पेटियों और अलमारियों को खंगाल डाला। वारदात आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार जवाहर नगर विस्तार स्थित मकान नंबर 154-55 में गुलाबचंद मूलचंदानी निवास करते हैं। वे इन दिनों सत्संग के सिलसिले में शहर से बाहर गए हुए हैं। मकान सूना होने की जानकारी मिलने पर बदमाशों ने इसे निशाना बनाया। रात के अंधेरे में चारों संदिग्ध मकान के आसपास पहुंचे और अंदर प्रवेश करने की कोशिश शुरू कर दी।
वेंटिलेशन से प्रवेश नहीं मिला तो तोड़े दरवाजे
बदमाशों ने सबसे पहले वेंटिलेशन के रास्ते मकान में घुसने का प्रयास किया। इसमें सफल नहीं होने पर उन्होंने जाली वाले गेट और मुख्य दरवाजे को तोड़ दिया। इसके बाद दूसरे प्रवेश द्वार पर लगे मजबूत लोहे के सरिये के कुंदे को भी तोडक़र घर के भीतर प्रवेश किया। मकान में दाखिल होने के बाद बदमाशों ने ऊपर के कमरों सहित अन्य हिस्सों की तलाशी ली। पलंग पेटियों और अलमारियों को खोलकर सामान बिखेर दिया।
सीसीटीवी में नजर आए चार नकाबपोश
वारदात के दौरान चार संदिग्ध आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। सभी ने चेहरे ढंक रखे थे। इनमें एक बदमाश जैकेट की टोपी लगाए दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने भी चार व्यक्तियों को वारदात के बाद भागते हुए देखने की बात कही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मकान मालिक बाहर, चोरी के नुकसान का आकलन बाकी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मकान मालिक गुलाबचंद मूलचंदानी के शहर से बाहर होने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाश घर से कौन-कौन सा सामान ले गए और कितने की चोरी हुई है। उनके लौटने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा।
शहर के बीचों बीच स्थित रिहायशी क्षेत्र में इस तरह दरवाजे तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। घटना ने रात्रिकालीन पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े किए हैं। अब पुलिस के सामने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकडऩे की चुनौती है।
