बनखेड़ी। कृषि विभाग द्वारा जिले के विकासखंड बनखेड़ी में एग्रीस्टेक पोर्टल तथा ई-विकास प्रणाली अंतर्गत उर्वरक वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को नई डिजिटल प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण की प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक संचालक कृषि शैलेंद्र राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि एग्रीस्टेक पोर्टल पर विभिन्न श्रेणी के किसान—भूमिधारी, वन अधिकार पट्टा धारक, ट्रस्ट पट्टा वाले, सिकमी किसान, मृत किसानों की लंबित नामांतरण भूमि से जुड़े किसान, शारीरिक रूप से अक्षम एवं वृद्ध किसान तथा संयुक्त खाताधारक—अपना पंजीयन कराकर ई-टोकन के माध्यम से खाद प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर प्रशांत बान (जिला केंद्रीय एवं सहकारी बैंक नर्मदापुरम), रामजीवन निमोदा, विजय ऊपराले एवं मोनिश अवस्थी ने भी अपनी भूमिका निभाते हुए तकनीकी जानकारी साझा की।
इसके साथ ही बनखेड़ी विकासखंड की वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रूपल राजपूत, पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्रबंधक, डबल लॉक केंद्रों के गोदाम प्रभारी तथा कृषि विभाग का मैदानी अमला उपस्थित रहा।
उप संचालक कृषि डॉ. रविकांत सिंह ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसानों को उर्वरक वितरण की नई डिजिटल व्यवस्था का अधिकतम लाभ मिल सके।
