भारतीय पहलवान प्रियांशी ने रजत और मुस्कान ने जीता कांस्य पदक

तिराना (अल्बानिया), 27 फरवरी (वार्ता) भारतीय पहलवान प्रियांशी प्रजापत और मुस्कान ने मुहामेत मालो 2026 में महिलाओं के 50 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। अंडर-23 एशियन चैंपियन भारतीय पहलवान प्रियांशी प्रजापत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उन्हें

फाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की जेनिप बयानोवा से 13-2 से हार का सामना करना पड़ा। यह 21 वर्षीय प्रियांशी का यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की रैंकिंग सीरीज में पहला पदक है। प्रियांशी ने क्वार्टरफाइनल में अमेरिका की एरिन गोल्स्टन को 10-2 से हराया।

इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने न्यूट्रल एथलीट वलेरिया तिउकपिकोवा को पिन कर फाइनल में जगह बनाई। शुरुआती मुकाबले में प्रियांशी ने ब्राजील की ओलिवेरिया डी फ्रेइटास को टेक्निकल सुपीरियॉरिटी से मात दी थी।

वहीं 19 वर्षीय मुस्कान, जो पूर्व अंडर-17 विश्व चैंपियन हैं उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक मुकाबले में उन्होंने अमेरिका की केंद्रा रयान को 10-0 से हराया। सेमीफाइनल में मुस्कान को जेनिप बयानोवा से 12-1 से हार मिली थी, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए पदक सुनिश्चित किया। यह मुस्कान का इस महीने दूसरा रैंकिंग सीरीज पदक है। इससे पहले उन्होंने जाग्रेब ओपन में कांस्य पदक जीता था। उसी प्रतियोगिता में भारत की नीलम ने 50 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया था।

हालांकि, गुरुवार का दिन भारत के लिए पूरी तरह परफेक्ट नहीं रहा। महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में पुष्पा, पुरुषों के 79 किग्रा में सागर जगलान और 97 किग्रा में जॉइंटी कुमार अपने-अपने कांस्य पदक मुकाबले हार गए।

इन परिणाम के साथ इस साल की दूसरी यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग सीरीज में भारत के कुल पदकों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले बुधवार को अंडर 23 विश्व चैंपियन सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी।

 

 

Next Post

उच्चतम न्यायालय ने चुनाव आयोग के न्यायिक अधिकारियों के प्रशिक्षण पर तृणमूल कांग्रेस की आपत्ति खारिज की

Fri Feb 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उन आपत्तियों पर विचार करने से इनकार कर दिया जो पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) में दावे की पुष्टि के लिए तैनात न्यायिक अधिकारियों को चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा प्रशिक्षण देने पर […]

You May Like

मनोरंजन