सतना: जिले में दिनदहाड़े लूट के प्रयास की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के रिहायशी इलाकों में बेखौफ बदमाशों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब महिलाएं अपने घर के पास भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। ताज़ा मामला कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला का है, जहां एक नकाबपोश बाइक सवार ने महिला के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की।
मिली जानकारी के अनुसार, टिकुरिया टोला की कंधी गली निवासी मीरा गुप्ता (48 वर्ष) बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। जब वह अपने घर से कुछ ही दूरी पर थीं, तभी पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें ओवरटेक किया। इसके बाद आरोपी ने कुछ दूरी पर अपनी बाइक मोड़ी और वापस महिला के पास आकर उनके गले पर झपट्टा मार दिया।
अचानक हुए इस हमले से महिला हड़बड़ा गईं, लेकिन झटके के कारण चेन टूटकर महिला के कपड़ों में ही फंसकर नीचे गिर गई। खुद को घिरता देख और चेन हाथ न आने पर शातिर लुटेरा बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भाग खड़े हुए
वारदात के वक्त बाइक सवार बदमाश ने अपना चेहरा कपड़े से पूरी तरह ढक रखा था, जिसके कारण पीड़िता उसका चेहरा नहीं देख सकीं . पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी के नंबर और आरोपी के रूट को ट्रैक करने में जुटी है।
