इटानगर, 21 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को इटानगर में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान प्रदान किया। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश पुलिस यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाली देश की 17वीं पुलिस बन गयी है। यह सम्मान 15 साल से अधिक समय तक साहस, समर्पण और बलिदान के साथ की गई सेवाओं के लिए दिया जाता है।
समारोह में श्री शाह ने कहा कि यह सम्मान पूरे अरुणाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि 1971 में स्थापित अरुणाचल प्रदेश पुलिस में आज 16 हजार से अधिक जवान हैं। यह चार रेंज और 29 पुलिस जिलों में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश की चीन, म्यांमार और भूटान के साथ कुल 1,863 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है। ऐसे में राज्य की सुरक्षा पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस के उग्रवाद, संगठित अपराध, नशे की तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ काम की सराहना की।
साथ ही राज्य को नशामुक्त बनाने और यहां से देश में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने का आह्वान किया। गृह मंत्री ने कहा कि 2014 से 2026 के बीच केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर के विकास पर 1,49,646 करोड़ रुपये खर्च किये, जबकि 2004 से 2014 के बीच यह राशि 33,530 करोड़ रुपये थी। उन्होंने सेला टनल, डोनी पोलो एयरपोर्ट, बोगीबील पुल और अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट पर उन्होंने कहा कि यह राज्य के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत की जायेगी और उनकी संस्कृति, परंपरा और धर्म का पूरा सम्मान किया जायेगा। उन्होंने आकर्षक पुनर्वास पैकेज देने का भी आश्वासन दिया।
कश्मीर का जिक्र करते हुए श्री शाह ने दावा किया कि हाल ही में पुलवामा मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय कश्मीरी आतंकवादी को मार गिराया गया। उन्होंने कहा कि अब घाटी में कोई स्थानीय आतंकवादी सक्रिय नहीं है और वहां बचे आतंकवादी विदेशी हैं।

