इंदौर: त्योहारों के मद्देनज़र प्रतिबंधित नायलॉन मांझे की बिक्री पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. एमजी रोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए छह दुकानों से मिक्स नायलॉन मांझा बेचते पकड़े गए कारोबारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं.एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसौदिया ने बताया कि पतंग और मांझे की दुकानों पर प्रतिबंधित नायलॉन मांझे की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं.
इसी के चलते पुलिस टीमों ने काछी मोहल्ला और मेवाती मोहल्ला क्षेत्र में एक साथ दबिश दी. कार्रवाई के दौरान काछी मोहल्ला स्थित एक पतंग दुकान से मिक्स नायलॉन मांझा बेचते हुए गणेश मोरे को पकड़ा. इसी इलाके में मेहराब हुसैन के यहां से भी नायलॉन मांझे की बिक्री पाए जाने पर मामला दर्ज किया. वहीं मेवाती मोहल्ला क्षेत्र में पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की.
यहां अयान मेव, नफीसा मेव, साकीला बी और तबसूम मेव के पास से मिक्स नायलॉन मांझा बिक्री के लिए रखा मिला. सभी मामलों में पुलिस ने मौके पर ही मांझा जब्त कर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नायलॉन मांझा न सिर्फ प्रतिबंधित है, बल्कि इससे राहगीरों, पक्षियों और वाहन चालकों को गंभीर चोट जान का खतरा बना रहता है. आगे भी ऐसे कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
