चोरों ने किया बैंक में सेंध लगाने का प्रयास, सूने मकानों से जेवर-नकदी चोरी

इंदौर:शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और विवाद की घटनाएं सामने आई हैं. कहीं गोल्ड लोन बैंक में सेंध लगाने का प्रयास किया, तो कहीं सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी कर ली गई. एक अन्य मामले में निर्माण कार्य को लेकर पारिवारिक विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज और पथराव तक की नौबत आ गई. पुलिस ने सभी मामलों में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विजयनगर थाना क्षेत्र में सिक्का स्कूल रोड स्थित एक गोल्ड लोन बैंक में अज्ञात बदमाशों ने रात के समय चोरी का प्रयास किया. आरोपियों ने बैंक के बाहर लगे गेट के ताले तोड़कर परिसर में घुसने की कोशिश की और चैनल गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया. हालांकि बैंक के भीतर चोरी नहीं हो सकी, लेकिन घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.

इसी तरह लसूड़िया थाना क्षेत्र के ओमेक्स सिटी फेस-1 में एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया. फरियादी के अनुसार, चोर घर का ताला तोड़कर भीतर रखे सोने-चांदी के सिक्के और जेवरात चोरी कर ले गए. घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था. पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बाणगंगा थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया.

डग्गर मोहल्ला निवासी महिला की शिकायत पर पुलिस ने बताया कि कच्चे कमरे को पक्का बनाने को लेकर रिश्तेदार से विवाद चल रहा था. इसी बात पर आरोपी घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर उसने परिवार के लोगों पर पत्थर फेंके, जिससे तनाव की स्थिति बन गई. वहीं द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुमास्ता नगर में अज्ञात बदमाशों ने एक मकान के मुख्य गेट का नकुचा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती घड़ियों के साथ नकदी चोरी कर ली. घटना के बाद फरियादी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है. चोरी की घटनाओं को लेकर गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं

Next Post

कोनी खुर्द गांव में तेंदुए का आतंक जारी

Sun Dec 14 , 2025
एक बछड़ा मृत, गाय व बकरी हमले से घायल जबलपुर: कटंगी रोड से उत्तर दिशा में 9 किलोमीटर मुरई होते हुए कोनी खुर्द ग्राम में तेंदुआ के आतंक से ग्रामीण जन दहशत में जी रहे हैं। लगभग 4 सौ की आबादी वाले इस गांव में आदिवासी लोगों की बहुसंख्या है […]

You May Like