
सिंगरौली । जयंत पुलिस चौकी के मस्जिद मार्केट बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में बीते दिन गुरुवार की शाम हुई हथियारबंद डकैती की वारदात का विंध्यनगर पुलिस ने करीब छ: घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में अलग-अलग राज्यों में पुलिस टीमें भेजी गई हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, दो मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं। इस पूरे कार्रवाई में एसपी ने खुद मोर्चा संभाला हुआ था और उनके नेतृत्व में कार्रवाई की गई, जहां चंद घंटो में ही बड़ी सफलता हासिल हुई है। इधर रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत ने आज को एसपी दफ्तर में उक्त डकैती के मामले में खुलासा करते हुये मीडिया कर्मियों को बताया कि फरियादी अखिलेश कुमार वर्मा निवासी शंकर मार्केट जयंत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स की दुकान में शाम करीब 5:50 बजे पांच अज्ञात हथियारबंद बदमाश घुस आए। बदमाशों ने पिस्टल-कट्टा लहराते हुए दुकान संचालक और कर्मचारियों को धमकाया तथा सभी के मोबाइल फोन छीन लिए।
विरोध करने पर बदमाशों ने हथियार तानकर जान से मारने की धमकी दी। वारदात के दौरान बदमाशों ने दुकान से करीब 300 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 2.50 लाख रुपये नकद लूट लिए। कर्मचारी राहुल कुमार विश्वकर्मा ने बदमाशों का विरोध करते हुए पिस्टल पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें राहुल के हाथ की हथेली में गोली लगी और वह घायल हो गया। बदमाशों ने दुकान के भीतर हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैलाई और दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछतांछ की। इसके साथ ही एफएसएल टीम और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। सीसीटीव्ही फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित फरारी मार्गों पर पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। जहां तीन आरोपी कड़ी मशक्कत के बाद घटना के चंद घंटो में ही दबोच लिये गये। इस दौरान पत्रकारवार्ता के दौरान डीईजी हेमंत सिंह चौहान, एसपी सियाज केएम, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा भी मौजूद रहे।
डकैतो के कब्जे से 400 ग्राम सोना-चॉंंदी एवं 1 लाख कैश बरामद
एसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में लकी कुमार पासवान निवासी झारखंड और अनुराग कुमार चंद्रवंशी निवासी झारखंड शामिल हैं। तीसरे आरोपी रोशन स्वीपर निवासी सोनभद्र, उत्तरप्रदेश को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछतांछ में आरोपियों ने कंचन ज्वेलर्स में डकैती की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया तथा अपने अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 200.7 ग्राम सोने के जेवरात, 205.410 ग्राम चांदी के जेवरात और कुल 1,04,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल, घायल व्यक्ति से छीना गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल एक पिस्टल और दो कट्टे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस और बदमाशो में संक्षिप्त मुठभेड़
आईजी के मुताबिक यूपी पुलिस के माध्यम से डकैती में शामिल एक अन्य आरोपी रोशन कुमार की गिरफ्तारी की जानकारी भी प्राप्त हुई है, जो जवाबी फायरिंग में घायल हुआ है। उसके कब्जे से भी एक अपाचे बाईक के साथ लूटे गए सोने के आभूषण और नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। उपचार के लिए उसे रेनुकूट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रेफर किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग राज्यों में टीमें भेजी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आईजी का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर शेष लूट की सामग्री बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। वारदात में अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपियों की पूरी कड़ी खंगाल रही है।
पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर दबोचा
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के जिलों के साथ यूपी, छग. और झारखंड पुलिस को भी सूचना देकर अलर्ट किया। सीएसपी, एसडीओपी मोरवा और चितरंगी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर भेजी गईं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों पर चार व्यक्ति वारदात के बाद क्षेत्र से बाहर जाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने दोनों मोटरसाइकिलों का पीछा किया। पुलिस के अनुसार जयंत क्षेत्र से आगे एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई, जिससे उस पर सवार दोनों व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को तत्काल पकड़ा और अंदरूनी चोट तथा पैर में फ्रैक्चर होने के कारण मौके पर औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय उन्हें उपचार के लिए नेहरू शताब्दी जयंत अस्पताल में भर्ती कराया।
