सूरत, (गुजरात) 22 दिसंबर (वार्ता) वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी में मंगलवार से शुरु हो रही तीसरी हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष अकादमी चैंपियनशिप 2025 में देश भर की प्रमुख हॉकी अकादमियों की 14 टीमें हिस्सा लेंगी।
यह चैंपियनशिप से 30 दिसंबर तक चलेगी। इसमें शामिल 14 टीमों को चार पूल में बांटा गया है। पूल ए में राउंडग्लास पंजाब हॉकी क्लब, चीमा हॉकी और आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी हैं। पूल बी में नामधारी स्पोर्ट्स , रितु रानी हॉकी और जायंट्स स्पोर्ट्स हैं। पूल सी में एसजीपीसी हॉकी, अश्विनी स्पोर्ट्स , हॉकी फैमिली बड़खालसा एनसीआर हॉकी सोसाइटी और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात हॉकी एकेडमी शामिल हैं। पूल डी में घुमनहेड़ा राइजर्स , भाई बेहलो हॉकी भगता, राजा करण हॉकी और प्रीतम सिवाच स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन शामिल हैं।
सभी टीमें अपने-अपने पूल में राउंड-रॉबिन प्रारुप में स्पर्धा करेंगी। जीतने पर टीमों को तीन अंक, ड्रॉ पर एक अंक और हारने पर कोई अंक नहीं मिलेगा । हर पूल की विजेता टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 29 दिसंबर को खेले जायेंगे। इसके बाद 30 दिसंबर को तीसरे/चौथे स्थान का मैच और फाइनल खेला जाएगा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “यह हमारे यूथ डेवलपमेंट प्रोग्राम का एक अहम टूर्नामेंट है। इस तरह के मुकाबले युवा खिलाड़ियों को मैच का कीमती अनुभव हासिल करने और कम उम्र में ही कॉम्पिटिटिव हॉकी की जरूरतों को समझने में मदद करते हैं। मैं सभी हिस्सा लेने वाली अकादमियों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “यह चैंपियनशिप देश में अकादमी और ग्रासरूट स्ट्रक्चर को मजबूत करने पर हमारे लगातार फोकस को दिखाती है। यह युवा खिलाड़ियों को पूरे भारत के विरोधियों के खिलाफ अपने कौशल को आजमाने का एक प्लेटफॉर्म देता है। मुझे उम्मीद है कि खिलाड़ी इस टूर्नामेंट से बहुत कुछ सीखेंगे और आगे बढ़ेंगे।”
मंगलवार से शुरु हो रही तीसरी हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष अकादमी चैंपियनशिप में 14 टीमें करेगी प्रतिस्पर्धा
