भोपाल। मध्यप्रदेश में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच भाजपा ने विपक्ष और सीजेपी (CJP) के सवालों का जवाब देने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान की रूपरेखा तैयार की है। ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ नाम से चलाए जाने वाले इस अभियान में पार्टी ने संगठन से लेकर सरकार तक के नेताओं को अलग-अलग मोर्चों पर उतारने की तैयारी की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर बनी कार्ययोजना में जनसंपर्क, मीडिया संवाद, युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचने के साथ सोशल मीडिया को भी अहम भूमिका दी गई है।
अभियान की कमान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे को सौंपी गई है। सांसद एवं प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक, सांसद आलोक शर्मा और विधायक राजेश सोनकर सह-संयोजक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
पदयात्रा से युवा संवाद तक बनेगी रणनीति
भाजपा ने अभियान को अलग-अलग गतिविधियों के जरिए आगे बढ़ाने की योजना बनाई है। पदयात्रा की जिम्मेदारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश महामंत्री रणवीर रावत और पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष वैभव पवार को दी गई है। राष्ट्र चिंतन संवाद के लिए मंत्री राकेश सिंह, विधायक गौरव पारधी और विधायक रीति पाठक को जिम्मेदारी मिली है। वहीं, युवा संवाद का नेतृत्व मंत्री इंदर सिंह परमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर और मुदित शेजवार करेंगे।
विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए छात्र प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसकी जिम्मेदारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, युवा आयोग अध्यक्ष प्रवीण शर्मा और विधायक नीरज ठाकुर को दी गई है। इन्फ्लुएंसर्स आउटरीच के तहत ‘घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ संदेश के प्रचार की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, विधायक अर्चना चिटनिस और मनोरंजन मिश्रा को सौंपी गई है।
प्रचार के हर माध्यम पर नजर
भाजपा की योजना केवल सार्वजनिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और ओप-एड प्रबंधन के लिए प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया, दीपक जैन और आशुतोष तिवारी को जिम्मेदारी दी है। सोशल मीडिया अभियान का काम राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सुयश त्यागी और सुरेंद्र शर्मा संभालेंगे।
अभियान से जुड़े विशेषांक तैयार करने की जिम्मेदारी पूर्व सांसद आलोक संजर, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया को दी गई है। वहीं, प्रचार सामग्री और ब्रांडिंग के लिए प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत जिम्मेदारी संभालेंगे। अभय प्रताप सिंह यादव को वक्तव्य और नितेश शर्मा को साहित्य वितरण का दायित्व सौंपा गया है।
अब कार्यक्रमों के शेड्यूल का इंतजार
भाजपा ने अभियान के लिए नेताओं और पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा कर दिया है, लेकिन अभी तक कार्यक्रमों की तारीखें और समय-सारणी सामने नहीं आई हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी इस रणनीति को किस तरह जमीनी स्तर पर लागू करती है और पदयात्रा, संवाद कार्यक्रमों तथा प्रचार अभियान की शुरुआत कब होती है।
