पूर्व वरिष्ठ नौकरशाह गोपीनाथन हुये कांग्रेस में शामिल

नयी दिल्ली 13 अक्टूबर (वार्ता) वरिष्ठ नौकरशाह और पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके केरल मूल के के. गोपीनाथन सोमवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया।
श्री गोपीनाथन कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, कांग्रेस मीडिया विभाग प्रमुख पवन खेड़ा, कांग्रेस सांसद शशि कांत सेंथिल की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुये। श्री गोपीनाथन ने 2019 में नौकरी से त्यागपत्र दिया था लेकिन उनका इस्तीफा अब तक स्वीकार नहीं किया गया।
श्री वेणुगोपाल ने कांग्रेस का अंग वस्त्र पहनाते हुए उनका परिचय देते हुए कहा, “देश के दलित और हाशिए पर पड़े लोगों के प्रति जुनून रखने वाले और हमेशा न्याय और एकता के लिए लड़ने वाले बहादुर नौकरशाहों गोपीनाथन की पहचान है। श्री गोपीनाथन का कांग्रेस में शामिल होना स्पष्ट संदेश है कि यह एकमात्र ऐसी पार्टी है जो न्याय के लिए लड़ रही है और जिसकी विचारधारा बहुत स्पष्ट है।”
उन्होंने कहा कि श्री गोपीनाथन का जन्म केरल में हुआ था और उन्होंने पूर्वोत्तर और देश के अन्य हिस्सों में काम किया है। उन्होंने 2019 में नौकरी से इस्तीफा दे दिया था लेकिन उनका इस्तीफा अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है। न्याय और हाशिए पर पड़े लोगों के लिए लड़ने वाले नौकरशाहों को सरकार द्वारा दंडित किया जा रहा है – यह स्थिति हरियाणा और मध्य प्रदेश दोनों में स्पष्ट है। यहाँ तक कि भारत के मुख्य न्यायाधीश भी इन हमलों से अछूते नहीं हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस विभाजनकारी एजेंडे के खिलाफ लड़ने का यह सही समय है। इसलिए, आज, उनका कांग्रेस पार्टी में प्रवेश एक स्वागत योग्य कदम है, और हम तहे दिल से उनका स्वागत करते हैं।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद श्री गोपीनाथ ने कहा, “मैंने 2019 में नौकरी से इस्तीफा दिया और तब ये पता था कि सरकार देश को जिस दिशा में लेकर जा रही है, वह रास्ता गलत है। मुझे यह भी पता था कि इस ‘गलत’ के खिलाफ लड़ना है। इस फैसले के बाद मैं देश के 80-90 जिलों में गया, लोगों से बातचीत की और तमाम नेताओं से मुलाकात की। मुझे समझ आया कि कांग्रेस ही इस देश को सही दिशा में ले जा सकती है। हम बहुत समय बाद प्रजा से नागरिक बने थे, क्योंकि हमें सवाल पूछने का हक है। मगर हमने यह भी देखा कि इस सरकार में जो भी सवाल पूछता है, उसे देशद्रोही बता दिया जाता है।” उन्होंने कहा, “मुझे काफी वक्त लगा लेकिन खुशी है कि आज मैं कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हूं और मुझे पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।”
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स पेज पर एक पोस्ट में उनका परिचय देते हुए कहा, “कन्नन गोपीनाथन 2012 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी रहे। कन्नन गोपीनाथन ने जम्मू- कश्मीर को राज्य से केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के खिलाफ आवाज उठाई और नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के मुद्दे पर भी मुखर रहे। उन्होंने संदेश दिया कि लोगों से बोलने का हक नहीं छीना जा सकता है। कई एफआईआर और तमाम कार्रवाई झेलीं, लेकिन वे डरे और झुके नहीं। आखिर में उन्होंने ऐसी नौकरी छोड़ दी, जिसे सब हासिल करना चाहते हैं। हमें खुशी है कि गोपीनाथन जी ने कांग्रेस पार्टी को चुना। हमारे दरवाजे हर उस आवाज के लिए खुले हैं, जो आजादी और न्याय की बात करती है।

Next Post

उत्तर प्रदेश बना पर्यटन का बड़ा केंद्र: योगी

Mon Oct 13 , 2025
लखनऊ, 13 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बन गया है जो सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अमृतकाल है। योगी ने एक्स पर लिखा “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन […]

You May Like