ब्यावरा। स्थानीय गुना रोड पर खाटू श्याम मंदिर परिसर में स्थित माता हरसिद्धि मंदिर में नवरात्रि महोत्सव के समापन पर बुधवार को विशाल कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया.
नगर और आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की. माता हरसिद्धि और बाबा खाटू श्याम जी की विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ भण्डारे की शुरुआत हुई.
मां के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया. भण्डारे में नगर के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की. देर शाम तक भण्डारा चलता रहा.
गौरतलब है कि नवरात्रि में नौ दिन तक मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा-पाठ, आरती और धार्मिक आयोजन हुए जिनमें श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव, उत्साह के साथ भाग लिया.
