नयी दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) मलेशियन ओपन की सेमीफाइनलिस्ट पीवी सिंधु ने कहा है कि वह मंगलवार से होने वाले इंडिया ओपन में अपना शत प्रतिशत प्रदर्शन देंगी।
प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोमवार को पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु ने कहा, “हर साल जनवरी की शुरुआत में दिल्ली में इंडिया ओपन खेलना हमेशा अच्छा लगता है। घरेलू मैदान पर खेलकर बहुत खुशी होती है। इससे बेहतर और क्या हो सकता है? प्रशंसक और फेडरेशन हमेशा हमारा पूरा समर्थन करते हैं। हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे, 100 प्रतिशत देंगे और उम्मीद है कि यहां अच्छे नतीजे हासिल करेंगे।”
इंडिया ओपन 2026 का आयोजन 13 से 18 जनवरी 2026 तक होगा। इस बार मुकाबले इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बड़े मल्टी-पर्पज़ हॉल में होंगे, जिससे दर्शकों को पहले की तुलना में कहीं बड़ा और बेहतर टूर्नामेंट देखने का अनुभव मिलेगा।
पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु, जिन्होंने 2009 की बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप अपने गृहनगर हैदराबाद में दर्शक दीर्घा से देखी थी, अब अपने देश में विश्व चैंपियनशिप खेलने को लेकर उत्साहित हैं। उनका मानना है कि इंडिया ओपन 2026 इसके लिए एक आदर्श तैयारी साबित होगा।
