कफ सिरप कांड: सीएम का ऐलान सरकार उठाएगी सभी बच्चों के इलाज का खर्च

भोपाल। कफ सिरप प्रकरण में बच्चों की बिगड़ी सेहत को लेकर मध्यप्रदेश सरकार ने अब पूरी जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किडनी संक्रमण से पीड़ित सभी बच्चों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। फिलहाल छिंदवाड़ा और बैतूल के बच्चे नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बच्चों को सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए नागपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज, एम्स, कलर्स हॉस्पिटल, न्यू हेल्थ सिटी और गेटवेल हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि किसी भी परिवार को आर्थिक या व्यवस्थागत परेशानी न हो। कलेक्टर छिंदवाड़ा और बैतूल लगातार परिवारों से संपर्क में हैं, जबकि भोपाल से मुख्यमंत्री स्वयं उपचार की निगरानी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के आदेश पर छिंदवाड़ा प्रशासन ने नागपुर में तीन विशेष दल गठित किए हैं, जिनमें कार्यपालक मजिस्ट्रेट और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। ये दल अस्पतालों में बच्चों के उपचार की सतत निगरानी कर रहे हैं। सरकार ने अब तक नौ बच्चों के उपचार हेतु प्रभावित परिवारों को पूरी राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।

यह कदम सरकार की गंभीरता को दर्शाता है कि वह न केवल दोषियों पर कार्रवाई के लिए तत्पर है, बल्कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

Next Post

रात के अंधेरे में सागौन तस्करी नाकाम, वन विभाग ने बाइक और लकड़ी जब्त की

Tue Oct 7 , 2025
बैतूल। जिले के दक्षिण वन मंडल में वन विभाग की टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान सागौन की तस्करी का मामला पकड़ा है। रेंजर अतुल भोयर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में टीम ने दोपहिया वाहन से सागौन के 7 चरपटे जब्त किए। परिक्षेत्र सहायक साहब लाल बगाहे […]

You May Like