सतना: मैहर में मंगलवार को अचानक उस वक्त हडक़ंप मच गया जब कुछ पुरुष और महिलाओंं के समूह ने एकत्रित होकर एसडीएम कार्यालय में अभद्रता और धक्कामुक्की करनी शुरु कर दी. इस दौरान न सिर्फ एसडीएम के साथ अभद्र व्यवहार किया गया बल्कि दरवाजे पर लगे शीशे को भी फोड़ दिया गया. इस मामले में कुछ लोगों द्वारा महिलाओं को बरगला कर माहौल बिगाडऩे की नियत से भेजे जाने की जानकारी सामने आ रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी मैहर श्रीमती दिव्या पटेल हर रोज की तरह मंगलवार को भी अपने कार्यालय में बैठकर काम-काज निबटा रहीं थीं. दोपहर के लगभग 12 बजे कुछ महिलाओं को पुरुषों का समूह एसडीएम कार्यालय पहुंच गया. समूह में मौजूद महिला और पुरुषों ने स्वयं को किसान बताते हुए खाद की समस्या की शिकायत एसडीएम से करने की बात कही.
लेकिन इससे पहले कि इन लोगों को एसडीएम चेंबर के अंदर जाने की अनुमति मिल पाती वे धड़धड़ाते हुए अंदर जाने लगे. जिसे देखते हुए वहां पर मौजूद स्टॉफ द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया. लेकिन महिलाओं और पुरुषों ने अभद्रता और धक्कामुक्की शुरु कर दी. इतना ही नहीं बल्कि एसडीएम श्रीमती पटेल के साथ भी अभद्रता की जाने लगी. इसी झूमाझटकी के दौरान चेंबर के दरवाजे पर लगा शीशा भी फूट गया.
घटना की जानकारी मिलते ही अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक मैहर महेंद्र सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. स्थिति को संभालने के बाद महिलाओं को किनारे करते हुए एक ओर बैठा दिया गया. जबकि कुछ पुरुषों को पुलिस वाहन में बैठाकर सिटी कोतवाली मैहर भेज दिया गया. गौरतलब है कि इस घटना को अंजाम देने के बाद सोशल मीडिया के जरिए यह भ्रम फैलाने का प्रयास भी किया गया कि खाद संकट से परेशान किसानों ने एसडीएम कार्यालय में घुसकर तोडफ़ोड़ की है.
बरगला कर भेजा
कुछ देर बाद जब प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से घटना के बारे में पूछताछ की तो दूसरी ही जानकारी सामने आई. महिलाओं ने बताया कि उन्हें गलत जानकारी देते हुए बरगला कर एसडीएम कार्यालय भेज दिया गया था. जिसे देखते हुए महिलाओं को समझाइस देने के बाद छोड़ दिया गया. जबकि कोतवाली ले जाए गए पुरुषों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि घटना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
इनका कहना है
महिलाओं को गलत जानकारी देकर माहौल बिगाडऩे की नियत से भेजा गया था. फिलहाल महिलाओं को समझाइस देकर छोड़ दिया गया है.
शैलैंद्र सिंह अपर कलेक्टर मैहर
