सतना: मैहर सिविल अस्पताल में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को पोषण विहीन पैकेट दिए गए। 9 सितंबर को आशा कार्यकर्ताओं ने सौ से अधिक पैकेट वितरित किए। प्रत्येक पैकेट में केवल तीन नमकीन पैकेट, एक पानी की बोतल और दो केले शामिल थे। जिसकी कीमत 20 रु भी नहीं थी। योजना के अनुसार, गर्भवती महिलाओं को हर माह की 9 और 25 तारीख को 50 रुपए तक का पौष्टिक स्वल्पाहार मिलना निर्धारित है। 25 अगस्त को भी इसी तरह के गुणवत्ताहीन पैकेट बांटे गए थे। उस समय बीएमओ डॉ. पियूष पांडे ने जिम्मेदार कर्मचारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए थे।
महिलाओं ने की मांग
महिलाओं ने मांग करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं के लिए प्रोटीन, आयरन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व आवश्यक हैं। परंतु स्वल्पाहार में केवल नमकीन और केले की उपलब्धता योजना के मूल उद्देश्य से मेल नहीं खाती। महिलाओं ने अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि उन्हें वास्तविक पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए, जिससे मातृत्व सुरक्षा योजना का उचित लाभ मिल सके।
सीएमएचओ ने लिया संज्ञान
डा एल के तिवारी सीएमएचओ सतना/मैहर द्वारा
इस शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। सीएमएचओ के अनुसार संबंधित एजेंसी को इस माह से उसके इस कार्य आदेश को निरस्त कर दिया जाएगा और यह कार्य अब स्वयं खंड चिकित्सा अधिकारी अपने स्तर से स्थानीय एजेंसी से अच्छी क्वालिटी की सप्लाई करवाएंगे और जो गड़बड़ियां की गई है उसके जो बीएफ लंबित है उसमें अर्थ दंड लगाकर वसूला जाएगा।
