अमरावती, 2 मई (यूएनआई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को घोषणा की कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) का 10वां संस्करण आंध्र प्रदेश में मनाया जाएगा और वे इसमें भाग लेंगे।
अमरावती में 58,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से अगले 50 दिनों में योग पर अधिक से अधिक गतिविधियां करने और विश्व रिकॉर्ड बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने घोषणा की कि वे विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में भाग लेंगे। इससे पहले, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री को विशाखापत्तनम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
यह टिप्पणी करते हुए कि आंध्र प्रदेश में न तो सपने देखने वालों की कमी है और न ही सफल लोगों की। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सही रास्ते पर है और विकास के लिए सही गति पकड़ चुका है।
इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सैयद अब्दुल नजीर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
