नयी दिल्ली 12 जून (वार्ता) दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को बिजली के बढ़ते मांगों को देखते हुए दिल्ली की सभी बिजली कंपनियों को अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने के निर्देश दिये ।
श्री सूद ने आज बिजली कंपनियों और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद कहा कि बैठक में दिल्ली में बढ़ते हुए बिजली के लोड को देखते हुए दिल्ली की सभी बिजली कंपनियों को अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम की भविष्यवाणी को देखते हुए दिल्ली में बिजली कंपनी अपनी पूरी तैयारी रखें। प्राकृतिक आपदाओं जैसे तेज आंधी, भारी बारिश, पेड़ गिरने तथा कुछ असमान्य कारणों से यदि बिजली कटौती की जाती है तो उसको ठीक करने के लिए समय सीमा को कम करने के भी निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार सभी नागरिकों को निर्वाध और सुचारू रूप से बिजली देने के लिए कटिबंध है इस दिशा में सरकार गंभीरता से कम कर रही है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । उन्होंने सभी बिजली कंपनियों को निर्देश दिए कि वह अपने क्षेत्र में बिजली के पुराने ग्रिडों को बदलने नई केवल डालने तथा बिजली के उत्पादन और वितरण में नयी तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दें । ऐसी व्यवस्था भी करें इससे फॉल्ट का तुरंत पता चल सके और रिस्पांस टीम तुरंत उसका समाधान भी कर सके साथ ही बिजली कंपनियां डाटा एनालाइज भी करें।
श्री सूद ने बिजली कंपनियों को सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से काम करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिजली की बढ़ती हुई मांग को देखते हुए हमें सोलर ऊर्जा को अपनाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी बिजली कंपनियों और ऊर्जा विभाग दिल्ली के हर बिजली उपभोक्ता को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करें और जिन क्षेत्र में बिजली के मीटर नहीं लग पा रहे हैं वहां पर सोलर पैनल से बिजली पहुंचाने की व्यवस्था के लिए भी गंभीर प्रयासों की जरूरत है । उन्होंने बिजली कंपनियों को किलोकरी में लगाए गए बैटरी बैंक की तर्ज पर अन्य क्षेत्रों में भी बैटरी बैंक लगाने की हिदायत भी दी।
