पिछले साल से सात ईंच अधिक बारिश ने जिले को किया तरबतर

सीहोर: इस बार मानसून मेहरबान है, हर दिन रात के समय तेज बारिश और दिन में मौसम साफ रहने से फसलों की स्थिति बेहतर है, वहीं जलस्त्रोतों में भी पर्याप्त पानी आ गया है.स्थिति यह है कि जिले में अब तक 391.9 मिमी औसत बारिश हो चुकी है. जबकि पिछले साल मात्र 219.2 मिमी बारिश रिकार्ड हुई थी. यानी कि करीब 7 इंच ज्यादा बारिश इस साल हुई है. इस तरह जिले में अब तक बारिश का 34.5 फीसदी कोटा पूरा हो चुका है.

खास बात यह है कि जिले के जिन क्षेत्रों में पिछले साल अब तक सबसे कम बारिश थी उन्हीं ब्लॉक में इस बार सबसे ज्यादा बारिश रिकार्ड हुई है. भू-अभिलेख शाखा के रिकार्ड पर नजर डालें तो पिछले साल बुदनी में सबसे कम 121 मिमी और रेहटी में 155.2 मिमी बारिश हुई थी. जबकि इस साल बुदनी में सबसे ज्यादा 587 मिमी और रेहटी में 586.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है. अच्छी बारिश के कारण जिले के जलस्त्रोतों में भी पर्याप्त पानी आ चुका है.

कोलार डेम में का वाटर लेवल 453.74 मीटर पहुंच गया है. यानी कि डेम 50.52 प्रतिशत तक भर गया है. हालांकि यह स्थिति बहुत अच्छी नहीं है लेकिन पिछले साल अब तक यह डेम का वाटर लेवल 450.91 मीटर था. सीहोर के जमोनिया और भगवानपुरा तालाब में भी पिछले साल की अपेक्षा 2 फीट ज्यादा पानी है, जबकि काहिरी बंधान में 3 मीटर पानी बढ़ गया है. अब पेयजल के लिए परेशानी नहीं होगी.

पिछले पांच साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक इतनी बारिश किसी भी साल में नहीं हुई है. सबसे बड़ी बात यह है कि बुदनी और रेहटी क्षेत्र में बारिश का आधे से ज्यादा कोटा पूरा हो चुका है. बुदनी की सामान्य बारिश 1167.9 मिमी मानी गई है, जबकि यहां अब तक 587 मिमी बारिश हो चुकी है. इसी तरह रेहटी में भी 586.8 मिमी बारिश हो चुकी है. हालांकि अभी रेहटी की सामान्य औसत बारिश तय नहीं है.

जिले के आष्टा और जावर में हर साल कम बारिश होती है. मौसम के जानकारों का मानना है कि हवा की जो पट्टिकाएं हैं उनमें आष्टा और जावर की पट्टिका अलग है. यदि राजगढ़ और शाजापुर जिले में ज्यादा बारिश होती है तो आष्टा और जावर में भी ज्याद बारिश होगी. लेकिन सीहोर, इछावर, बुदनी, भैरूंदा और रेहटी क्षेत्र की हवा पट्टिकाएं अलग हैं. इस साल आष्टा में अब तक 244 मिमी और जावर में 209 मिमी बारिश रिकार्ड हुई है.

Next Post

बाणसागर से कल छोड़ा जाएगा पानी,सोनतीर इलाके में किया अलर्ट

Sun Jul 13 , 2025
चितरंगी: सावन महीने के शुरूआत के दिन से ही झमाझम बारिश ने पूरे अंचल को जलमग्र कर दिया है। यहां तक कि बाण सागर, देवलोद का बांध भी पानी से लबालब भर गया है। जहां कल 8 रेडियल गेटो से 3074 क्यूमेक्स जल सोन नदी में छोड़ा जाएगा। जहां चितरंगी […]

You May Like