
इंदौर: नगर निगम द्वारा शहर में किए जा रहे विकास कार्यों के दौरान अनदेखी एक बार फिर सामने आई है. हवा बंगला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 82 स्थित गुरु शंकर नगर में सड़क निर्माण कार्य लोगों की परेशानी का सबब बन गया है.स्थानीय लोगों का कहना है कि यहाँ की गलियां कई वर्षों से जर्जर हालत में थीं. लंबे इंतज़ार के बाद कुछ समय पहले ही में सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण शुरू किया गया. निर्माण के दौरान रहवासियों ने इंजीनियर और निगम अधिकारियों को आगाह किया था कि 3 फीट भराव करके सड़क घरों की ऊँचाई से डेढ़ से दो फीट ऊपर बनाई जा रही है, जिससे आगे गंभीर समस्याएँ खड़ी होंगी.
बावजूद इसके शिकायतों को दरकिनार कर सड़क का काम पूरा कर दिया गया. अब स्थिति यह है कि बरसात के दिनों में या सड़क पर बहने वाला सामान्य पानी भी सीधे घरों के भीतर घुस जाता है. सड़क की ऊँचाई बढ़ने से उनके घर हमेशा जलभराव की चपेट में रहते हैं. हैरानी की बात यह है कि इस लापरवाही के बावजूद नगर निगम अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद समस्या स्वीकार करने के बजाय रहवासियों को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि उनकी पीड़ा को अनसुना कर विकास कार्य के नाम पर केवल दिखावा किया गया है.
इनका कहना है
दो महीने पहले ही सड़क का कार्य पूरा किया. जब से यहां के सभी रहवासियों की मुसीबतें बढ़ गई. ऊंची बनाई गई सड़क के कारण आसपास के सभी घरों में पानी घुस रहा है.
– शीतल राठौर
सड़क निर्माण के समय हमने बताया भी था कि इसका दल गलत जा रहा है. घरों में पानी घुसेगा लेकिन किसी भी जिम्मेदार ने हमारी नहीं सुनी और आज हम मुसीबतें झेल रहे हैं.
– सुधा लिमोले
पहले बरसात का पानी सीधे चेंबर के द्वारा निकास हो जाता था लेकिन अब बीच में से सड़क ऊंची कर दी गई है. दोनों तरफ के ढाल के कारण घरों में पानी जा रहा है.
– रितु कुशवाह
हमें बोला था कि निकासी दी जाएगी लेकिन आगे का पानी भी रिवर्स होकर यही आता है और यहां का पानी इकट्ठा हो जाता है. बरसात का पानी घरों को तालाब बन देता है.
– दुर्गेश मेहरा
ढलाई दूसरी तरफ किया
पहले सड़क के कारण घर में पानी जाता था. अब हमने जो सड़क का कार्य किया है. उसमें ढलान दूसरी तरफ किया. अब घरों में पानी घुसने की समस्या नहीं है.
– नितिन शर्मा, पार्षद
