छात्र ने शिक्षिका पर पेट्रोल डालकर आग लगाई, गया जेल

नरसिंहपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को उत्कृष्ट विद्यालय की अतिथि शिक्षिका पर उसी स्कूल के छात्र ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मुताबिक आरोपी सूर्यांश कोचर (18) पिता वीरेंद्र कोचर एक्सीलेंस स्कूल का छात्र था। दोनों एक-दूसरे को जानते थे। 15 अगस्त के कार्यक्रम में टीचर ने साड़ी पहनी थी। इस पर आरोपी ने आपत्तिजनक कमेंट किया था। इसको लेकर पीड़िता ने शिकायत की थी, जिससे आरोपी गुस्से में था।

पेट्रोल डाला और आग लगाकर भाग निकला

सोमवार अपरान्ह वह बोतल में पेट्रोल लेकर शिक्षिका स्मृति दीक्षित (26) के घर पहुंचा। घर में शिक्षिका अकेली थी, तभी आरोपी ने उस पर पेट्रोल डाला और आग लगाकर फरार हो गया। शाम को स्मृति को अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां से पुलिस को सूचना मिली। एसडीओपी मनोज गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर से गिरफ्तार कर लिया।

शिकायतें आती थीं, इसलिए स्कूल से निकाला

एक्सीलेंस स्कूल के प्रिंसिपल जीएस पटेल ने बताया कि आरोपी हमारे यहां 9वीं तक पढ़ा है। उसकी तबीयत खराब रहती थी, साथ ही काफी शिकायतें आती थीं। वह अपनी उम्र से बड़े लोगों के साथ रहता था। इस कारण उसके माता-पिता को बुलाकर स्कूल से टीसी दे दी थी।

दादा के साथ जयपुर जाने की बात कहकर गया

आरोपी सूर्यांश वर्तमान में कल्याणपुर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में 12 वीं (बायोलॉजी) में पढ़ता है। प्राचार्य ओपी कौरव ने बताया कि सूर्यांश यहां 11 वीं से पढ़ रहा है। अभी 5-6 दिन पहले स्कूल में दादा के साथ जयपुर जाने की बात कहकर गया है। उसके बाद से नहीं लौटा है। घटना में लव एंगल के साथ ही कई अन्य सवाल उठ रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

Next Post

पिकअप वाहन से स्कूली पुस्तकें बरामद, जिपं सदस्य ने जताई बेचने की आशंका

Tue Aug 19 , 2025
बंडा। बण्डा के संकुल केंद्र मगरधा में संदिग्ध रूप से लोडिंग वाहन में रखी नई पुरानी पुस्तकों को ग्रामीणों की सूचना पर जप्त कार्यवाही की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर बाद प्राचार्य आर रोहित द्वारा बंडा से बुलाई गये लोडिंग वाहन में नई पुरानी पुस्तकों के 18 […]

You May Like