
अनूपपुर। जिले के बरगवां-अमलाई की नन्हीं बालिका प्रतिष्ठा गौतम, पुत्री आशीर्वाद मिश्रा, ने उज्जैन के क्षीर सागर स्टेडियम में आयोजित तीसरी मध्यप्रदेश राज्य परंपरागत लाठी खेल प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। अंडर-8 वर्ग की एक लाठी चाल और दो लाठी चाल स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण पदक जीतकर उसने पूरे संभाग का नाम रोशन किया।
अपने नाम के अनुरूप ‘प्रतिष्ठा’ ने न केवल सम्मान अर्जित किया, बल्कि अब वह मध्यप्रदेश की खेल जगत में एक उभरता हुआ नाम बन गई हैं। बरगवां-अमलाई नगर परिषद की इस प्रतिभावान बालिका ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान पाकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
प्रतिष्ठा की इस सफलता में उनके मार्गदर्शक अगमदीप का विशेष योगदान है, जो स्वयं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लाठी खिलाड़ी रहे हैं। उनके प्रशिक्षण और प्रेरणा से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी।
प्रतिष्ठा आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। इस उपलब्धि पर पिता आशीर्वाद मिश्रा, चाचा अनुरोध मिश्रा (भा.रे.से.), दादा रामचरित्र मिश्रा व रामलखन मिश्रा, सहित पूरे परिवार और नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त किया।
