
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। इस मौके पर परिसर उत्सवमय वातावरण में झूम उठा।
कार्यक्रम में अनेक नन्हे-मुन्ने बच्चे आकर्षक वेशभूषा में नंदलाल और राधा के रूप में सजकर पहुंचे। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जन्माष्टमी की झांकी साकार कर दी। वहीं पारंपरिक उत्साह के साथ माखन की मटकी फोड़ने का आयोजन भी हुआ, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व केवल आस्था का नहीं बल्कि संस्कारों और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों और बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
