इंदौर: पुलिस की मंगलवार को हुई जनसुनवाई में 80 आवेदन पहुंचे. इनमें पति-पत्नी और बेटा-बहू से जुड़े पारिवारिक विवादों के अलावा लोन व बीमा के नाम पर ठगी, पैसों के लेन-देन, साइबर व वित्तीय फ्रॉड, जमीन-मकान की धोखाधड़ी और महिला अपराध से संबंधित शिकायतें शामिल थीं. कुछ लोगों ने पूर्व शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने की बात भी रखी.
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने आवेदकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. कुछ मामलों में उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर भी कार्रवाई की जानकारी ली और शिकायतों के जल्द निराकरण को कहा. जनसुनवाई में सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए.
पारिवारिक और आपसी विवादों के मामलों में मध्यस्थता केंद्रों के जरिए काउंसलिंग कराकर समाधान कराने का प्रयास भी किया जा रहा है. जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की शिकायतों को सीधे सुनकर संबंधित विभाग तक पहुंचाना और कार्रवाई की स्थिति की निगरानी करना है. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
