
तेल अवीव। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच औपचारिक वार्ता का पहला दौर तेल अवीव एयरपोर्ट पर ही शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचते ही प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर प्रारंभिक चर्चा हुई।
एयरपोर्ट पर ही रही इस अनौपचारिक लेकिन महत्वपूर्ण बातचीत में रक्षा सहयोग, तकनीकी साझेदारी, कृषि नवाचार, साइबर सुरक्षा और पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों पर विचार-विमर्श होने की जानकारी सामने आई है। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेता आगामी औपचारिक बैठकों में व्यापार, निवेश, स्टार्टअप सहयोग और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में नए समझौतों पर भी चर्चा करेंगे। भारत और इज़राइल के बीच पिछले वर्षों में रक्षा और कृषि तकनीक के क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ा है, जिसे अब नई ऊंचाई देने की तैयारी है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत-इज़राइल मित्रता को और सुदृढ़ करने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर साझा रणनीति बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
