इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में बुधवार शाम 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान रानी पति ईश्वर के रूप में हुई है. वह घर के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी. पति उसे एमवाय अस्पताल लेकर गया और डॉक्टरों को बताया कि वह सड़क हादसे में घायल हुई है, लेकिन मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.
कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि रानी नामक महिला दोपहर को बेटे को लेने स्कूल गई थी. कुछ देर बाद वह घर के पास लहूलुहान मिली, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना पर क्षिप्रा से मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे. मृतका की बड़ी मम्मी कांता ने पुलिस को बताया कि रानी और उसके पति ईश्वर के बीच पिछले दो साल से विवाद चल रहा था. ईश्वर स्कूल की गाड़ी चलाता है और उसी स्कूल की एक महिला से उसके संबंध थे, जिसकी शिकायत पहले थाने में भी की गई थी.
कांता का आरोप है कि ईश्वर रानी को लगातार धमकाता था और संभव है कि उसने हत्या कर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की हो. वहीं मामले में एडीशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला पूरी तरह संदिग्ध है और पति-पत्नी के विवाद की पुष्टि हुई है, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे. फिलहाल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा
