तेल अवीव में विटकॉफ के दौरे के दौरान बंधकों के परिवारों ने विरोध प्रदर्शन किया

यरूशलम 03 अगस्त (वार्ता) इजरायल के तेल अवीव में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ के दौरे के दौरान शनिवार को बंधकों के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान प्रदर्शनकारी ”होस्टेज स्क्वायर” पर एकत्रित हुए और इज़रायली सरकार से एक युद्धविराम समझौता करने का आग्रह किया जिससे गाजा में हमास और अन्य उग्रवादी समूहों द्वारा बंधक बनाए गए लोगों को वापस लाया जा सके।

यह प्रदर्शन इस सप्ताह की शुरुआत में हमास और फ़िलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद द्वारा नए वीडियो जारी किए जाने के बाद हुआ, जिसमें इज़राइली बंधक एव्यातार डेविड और रोम ब्रास्लावस्की की हालत बेहद नाजुक दिखाई दे रही है।

विरोध प्रदर्शन के समूहों में से एक बंधक और लापता परिवार मंच ने इज़रायली और अमेरिकी सरकारों से ”इस दुःस्वप्न को रोकने और उन्हें कैद से बाहर निकालकर घर वापस लाने” का आह्वान किया।

पश्चिम एशिया में अमेरिका के विशेष दूत विटकॉफ ने प्रदर्शनों के बीच चौक का दौरा किया। उन्होंने बंधकों के परिवारों से बात करते हुए बातचीत में बदलाव की आवश्यकता पर ज़ोर दिया जिसमें सभी बंधकों को एक साथ रिहा किया जा सके।

होस्टेजेस फ़ोरम के अनुसार विटकॉफ ने परिवारों को आश्वासन दिया कि अमेरिका ”आपके बच्चों को घर पहुँचाएगा”, ”किसी भी बुरे कृत्य” के लिए हमास को ज़िम्मेदार ठहराएगा और ”गाजा के लोगों के लिए जो सही होगा, वह करेगा।”

उल्लेखनीय है कि इज़रायल के सात अक्टूबर, 2023 से गाजा पर हमले में 60,000 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और 1,48,000 से ज़्यादा घायल हुए हैं। गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 93 बच्चों सहित कुल 169 लोगों की भुखमरी और कुपोषण से मौत हो चुकी हैं।

 

Next Post

जमानत पर छूटकर अपराध करने वालों पर कार्रवाई, 13 आरोपियों का काटा जेल वारंट

Sun Aug 3 , 2025
इंदौर: जमानत पर छूटने के बाद भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाशों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाया है. ऐसे 24 मामलों की पहचान की गई है, जिनमें आरोपी जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर रहे थे. इनमें से 14 मामलों के 13 आरोपियों की जमानत […]

You May Like