इंदौर: जमानत पर छूटने के बाद भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाशों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाया है. ऐसे 24 मामलों की पहचान की गई है, जिनमें आरोपी जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर रहे थे. इनमें से 14 मामलों के 13 आरोपियों की जमानत निरस्त कराकर न्यायालय से जेल वारंट जारी कराए हैं. अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि शेष की तलाश की जा रही है.
थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि ऐसे आरोपियों में संदुर दीक्षित जिस पर 34 मामले दर्ज हैं, इसी तरह प्रतीक सोलंकी 9 मामले, उषा वर्मा 8 मामले, प्रदीप यादव 7 मामले, जसवंत ठाकुर 6 मामले, राजू मालवीय 5 मामले, राधेश्याम ठाकुर 5 मामले, संतोष साल्वीकर 3 मामले, लखन 3 मामले, रोहित कैथवास 3 मामले, अजय पटेल 2 मामले, हेमराजसिंह बंजारा 2 मामले और गोविंद कोरी 1 मामला शामिल हैं. थाना प्रभारी का कहना है कि इसतरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगी.
वाहन चोरी में आई कमी
पिछले पंद्रह दिनों में कनाडिया, खजराना, परदेशीपुरा, लसूड़िया और भंवरकुआ पुलिस ने पांच वाहन चोर गिरोह पकड़े हैं, जिनमें देवास का एक कंजर गिरोह और धार-टांडा के तीन गिरोह शामिल हैं. इनसे 75 वाहन जब्त किए गए. पुलिस का दावा है कि इनके पकड़े जाने के बाद वाहन चोरी की घटनाओं में कमी आई है. पहले जहां रोजाना 12 गाड़ियां चोरी हो रही थीं, अब इनकी संख्या घटी है.
