संडाकन के कम्पुंग बहागिया में भीषण आग, लगभग 8,000 लोग विस्थापित

संडाकन/कुआलालंपुर, 19 अप्रैल (वार्ता) मलेशिया के संडाकन स्थित कम्पुंग बहागिया इलाके में रविवार तड़के एक कथित लापरवाही से हुई रसोई दुर्घटना के कारण भीषण आग लग गयी जिससे 200 घर जलकर नष्ट हो गए और लगभग 8,000 लोग विस्थापित हो गये। गांव प्रमुख शरीफ हाशिम शरीफ इतिंग ने बताया कि आग तड़के करीब 1:30 बजे ब्रिज ए स्थित एक घर में लगी, जब खाना बनाते समय गैस चूल्हे की आग भड़क उठी। दमकल के पहुंचने से पहले आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गयी। उन्होंने बताया कि घनी आबादी, पास-पास बने लकड़ी के मकानों, तेज हवाओं और पानी की कमी के कारण हालात और बिगड़ गए। इससे लोग अपने सामान भी नहीं बचा सके और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।

श्री शरीफ के अनुसार, यह गांव के इतिहास की सबसे बड़ी आग है। इस दुर्घटना के पैमाने ने 1999 और 2001 की घटनाओं को भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि पीड़ितों का सही पंजीकरण किया जाए और पर्याप्त अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया जाए, क्योंकि मौजूदा व्यवस्था विशेष रूप से परिवारों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए पर्याप्त नहीं है। इस बीच, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिलते ही गहरा झटका लगा। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, “इस समय प्राथमिकता पीड़ितों की सुरक्षा और तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।”
संडाकन फायर एंड रेस्क्यू स्टेशन (बीबीपी) के प्रमुख जिमी लागुंग ने बताया कि उन्हें आग की सूचना तड़के 1:32 बजे मिली, जिसके बाद संडाकन और किनाबाटांगन स्टेशनों से 35 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

Next Post

​MP में पहली बार: दो अत्याधुनिक टीबीएम मशीनों से हो रहा भोपाल मेट्रो की सुरंग का निर्माण

Sun Apr 19 , 2026
भोपाल। राजधानी में मेट्रो रेल के लिए सुरंग की खुदाई का कार्य चल रहा है. यह कार्य मार्च में शुरू हुआ था. जो भोपाल रेलवे स्टेशन से टनल बोरिंग मशीन के माध्यम से प्रारंभ किया गया है. वर्तमान में टनल बोरिंग मशीन-1 (दुर्गावती) द्वारा लगभग 7 मीटर अस्थायी सुरंग और […]

You May Like