इंदौर: द्वारकापुरी क्षेत्र में लंबे समय से नशे का कारोबार करने वाली महिला को क्राइम ब्रांच ने रविवार शाम को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान महिला के परिजनों ने पुलिस दल से झड़प की, जिस पर हालात काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा.थाना प्रभारी राहूल सिंह राजपूत ने बताया कि सीमा नाथ, पति महेश टोपी, पुलिस की निगरानी में लंबे समय से थी. वह बार-बार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रही थी.
मुखबिर से सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने महिला बल के साथ उसकी झोपड़ी पर छापा मारकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने सीमा की झोपड़ी से 500 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की. साथ ही लोहे की कोठियों में कपड़ों के बीच छिपाकर रखी गई 500 और 100 रुपए की गड्डियां भी मिलीं. देर रात तक चली गिनती में नकदी 48 लाख रुपए से अधिक पाई गई.
पुलिस का मानना है कि यह रकम नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई है. वहीं सूत्रों का कहना है कि सीमा का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से दर्ज है. द्वारकापुरी पुलिस कई बार उस पर कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन वह हर बार किसी न किसी बहाने गिरफ्त से छूट जाती थी. बताया जाता है कि गिरफ्तारी के डर से वह पुरुष पुलिसकर्मियों के सामने कपड़े फाड़कर झूठे आरोप लगाने की धमकी देती थी, जिससे पुलिसकर्मी भी कार्रवाई से हिचकिचाते थे.
परिवार का आपराधिक इतिहास
सीमा का परिवार भी अपराध जगत से जुड़ा रहा है. उसके भाई चेतन नाथ और अर्जुन नाथ सिरपुर क्षेत्र में हुए चर्चित अतुल बंसल हत्याकांड में शामिल रहे हैं. वहीं, उसका पति महेश टोपी भी नशे के धंधे में सक्रिय है और हाल ही में गिरफ्तार किए गए बदनाम अपराधी शुभम नेपाली से उसकी गैंगवार चल रही है. सीमा ने महेश टोपी से प्रेम विवाह किया था
