
सीधी। कृषि विभाग द्वारा सीधी जिले में खरीफ सीजन की बुवाई के लिए पूरी कार्ययोजना निर्धारित कर ली गई है। कृषि विभाग खरीफ बुवाई की तैयारी में जुट गया है। जबकि किसानों की निगाहें मानसून पर टिकी है। गत वर्ष के मुकाबले विभाग ने इस वर्ष भी बुवाई का आकड़े में खास वृद्धि नहीं की है। जिले में इस बार 146.55 हजार हेक्टेयर में खरीफ की बुवाई कराने का प्लान तैयार किया है।
विभाग की ओर से खाद एवं बीज का भंडारण फिलहाल पर्याप्त मात्रा में समितियों में करा दिया गया है। कृषि विभाग ने खरीफ फसल क्षेत्राच्छादन कार्यक्रम तैयार किया है। विभाग ने इस बार खरीफ के रकबे में खास बढ़ोत्तरी नहीं की है। गत वर्ष 144.84 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई लक्ष्य निर्धारित किया गया था जबकि इस वर्ष मामूली बढ़ोत्तरी करते हुए जिले में 146.55 हजार हेक्टेयर में खरीफ की बुवाई का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें धान, मक्का, बाजरा, ज्वार, कोदो-कुटकी, तुअर, उड़द, मंूग, तिल आदि शामिल है। दूसरी ओर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के साथ ही किसानों ने खेत तैयार करने शुरू कर दिए है। अभी किसान खेतों की ट्रैक्टरों से जुताई करने की तैयारी कर रहे हैं। जिससे बारिश होते ही खेत में ही पानी रम सके।
