नोम पेन्ह, 27 जुलाई (वार्ता/शिन्हुआ) कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने रविवार को कंबोडिया और थाईलैंड के सशस्त्र बलों के बीच “तत्काल और बिना शर्त युद्ध विराम” के लिए इच्छा दोहराई।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मानेट ने कहा कि उन्होंने शनिवार रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ कंबोडिया-थाईलैंड सीमा पर सशस्त्र झड़पों के मुद्दे पर फोन पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान श्री ट्रम्प ने इच्छा व्यक्त की कि वे ऐसा युद्ध या लड़ाई नहीं चाहते जिससे दोनों पक्षों के सैनिकों और नागरिकों सहित कई लोगों की मौत हो जाए या वे घायल हो जाएं। उन्होंने दोनों देशों के बीच तत्काल युद्ध विराम और शांति की कामना की।
उन्होंने कहा, “इसके जवाब में, मैंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को स्पष्ट कहा कि कंबोडिया दोनों सशस्त्र बलों के बीच तत्काल और बिना शर्त युद्ध विराम के प्रस्ताव से सहमत है।”
श्री मानेट ने कहा कि उन्होंने कंबोडिया के उप-प्रधानमंत्री तथा विदेश एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्री प्राक सोखोन को युद्ध विराम प्रस्ताव पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ चर्चा करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
कंबोडिया और थाईलैंड के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में गुरुवार को झड़पें शुरू हुई जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
