भोपाल, हरदा, 16 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के हरदा जिले में एक छात्रावास में करणी सेना के कार्यकर्ताओं के साथ लाठीचार्ज के मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
डॉ यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी, ”हरदा छात्रावास प्रकरण का संज्ञान लेकर मैंने जिला प्रशासन से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। हमारी सरकार के लिए सामाजिक न्याय और परस्पर सद्भाव सर्वोच्च प्राथमिकता है। मध्यप्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।”
हरदा में पिछले दिनों धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले के आरोपी को पुलिस द्वारा इंदौर से हरदा लाए जाने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ता उस आरोपी को उन्हें सौंपे दिए जाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। धोखाधड़ी करणी सेना के नेता आशीष राजपूत के साथ हुई थी। इसी बीच प्रदर्शनकारी उग्र होने लगे तो पुलिस ने विरोध कर रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर राजपूत समाज से जुड़े एक छात्रावास में लाठीचार्ज कर दिया। मामले में 50 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं और इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई।
इस मामले को लेकर राज्य भर से करणी सेना के कार्यकर्ता हरदा जाने लगे। हालांकि अगले दिन स्थितियां सामान्य होने पर धारा 144 हटा दी गई। इसके बावजूद कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को हवा देती रही।
इसी सिलसिले में कल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हरदा पहुंचे और छात्रावास की बच्चियों से मुलाकात की। उन्होंने इससे जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किए, जिसके बाद ये मामला दोबारा सुर्खियों में आ गया।

