
जबलपुर। सिद्धपीठ श्री रामलला मंदिर ग्वारीघाट जबलपुर में बजरंग महाप्रभु श्री हनुमान जी महाराज का जन्म उत्सव 2 अप्रैल गुरूवार को धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंदिर के गुप्त गर्भगृह में विराजित श्री हनुमान जी के अतिप्राचीन बाल विगृह स्वरूप को सार्वजनिक पूजन के लिए मंदिर के बाहर पूजन मंडप मे स्थापित किया जाएगा। इस पावन प्रतिमा के दर्शन पूजन का लाभ प्रतिवर्ष मात्र एक दिन ही प्राप्त होता है मंदिर के महंत इंद्रभान, रामबहादुर, शिवकुमार, डॉ. सुशील, कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि वर्षभर मनोकामना पूर्ति हेतु एकत्र किये गये सवा लाख नारियल की आहुति मंदिर प्रांगण स्थित हवन कुंड में आहूती भक्तों द्वारा दी जाएगी। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। प्रातः 7:30 बजे हनुमान महाप्रभु का षोडवोपचार पूजन, सामुहिक हनुमान चालीसा, विशाल भंडारा, भजन संध्या तत्पश्चात् महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के व्यवस्थापक रामानुज तिवारी, मनोज तिवारी, प्रमोद तिवारी, अखिलेश तिवारी ने सभी शहरवासियों एवं भक्तजनों से रामलला मंदिर स्थित अति प्राचीन श्री हनुमान बाल विग्रह के दर्शन लाभ लेने की अपील की है। विदित हो कि मंदिर के साबूत जोड़ा नारियल की मंदिर स्थित हवन कुंड में आहुति देने से मनोकामना पूर्ण होती है तथा समस्त कष्टों से भक्तजनों को राहत मिलती हैं।
