बंगलादेश की एनसीपी ने जारी किया घोषणा पत्र, भारत के साथ कड़ा रुख अपनाने की घोषणा

ढाका, 30 जनवरी (वार्ता) बंगलादेश की जातीय नागरिक पार्टी (एनसीपी) ने शुक्रवार को 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनावों से पहले अपना 36-सूत्रीय चुनावी घोषणापत्र जारी किया।

‘मेनिफेस्टो ऑफ यूथ एंड डिग्निटी’ शीर्षक के इस दस्तावेज में जवाबदेही और संस्थागत सुधारों को प्राथमिकता देते हुए अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरियां देने का वादा किया गया है। साथ ही व्यवसायों व स्टार्टअप की मदद के लिए 100 अरब टका (818 मिलियन डॉलर) का उद्यमिता कोष शुरू करने का भी वादा किया गया है।

इसमें न्यायेतर हत्याओं सहित मानवता के खिलाफ अपराधों की निष्पक्ष जांच की प्रतिबद्धता जताई गयी है। साथ ही इसमें अल्पसंख्यक और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए मानवाधिकार आयोग के तहत एक ‘विशेष जांच सेल’ के गठन का वादा किया गया है। इस सेल को भेदभाव, सांप्रदायिक हिंसा और जातीय उत्पीड़न की स्वतंत्र रूप से जांच करने का अधिकार होगा।

पार्टी ने विदेश नीति के मुद्दे पर कहा है कि वह भारत के साथ सीमा पर हत्याएं और जल-बंटवारे जैसे अनसुलझे मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाएगी और यदि आवश्यक हो तो अंतरराष्ट्रीय कानूनी रास्ते भी अपनाएगी। साथ ही रोहिंग्या संकट के मानवीय समाधान के लिए भी घोषणा की है।

राष्ट्रीय रक्षा के क्षेत्र में, घोषणापत्र में पारंपरिक सशस्त्र बलों से दोगुनी बड़ी रिजर्व फोर्स बनाने, पांच साल के भीतर एक यूएवी ब्रिगेड स्थापित करने और मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली हासिल करने की योजना बनाई गई है।

 

Next Post

सिंगल मदर की संघर्षपूर्ण कहानी पर आधारित है बच्चा गैंग मूवी

Fri Jan 30 , 2026
छिंदवाड़ा। सिंगल मदर और बच्चों की परवरिश जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित फिल्म बच्चा गैंग अब रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म बच्चों की सही परवरिश कैसे की जाए, समाज में बढ़ती चुनौतियों के बीच बच्चों को किस दिशा में मार्गदर्शन दिया जाए—इन पहलुओं को बेहद भावनात्मक और प्रभावशाली ढंग […]

You May Like