
रीवा।नईगढ़ी थाना क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे है. भीर ग्राम पंचायत के रिझओह गांव में युवक के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
शनिवार को परिजन और ग्रामीण कार्यवाही को लेकर थाने के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया. जानकारी के अनुसार, युवक कमलेश केवट को गांव के ही सात लोगों ने आठ दिन पहले घर से बुलाया. आरोप है कि उसे पहले शराब पिलाई गई और फिर बेरहमी से पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. हालत बिगडऩे पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन आठ दिनों की जिंदगी और मौत की लड़ाई के बाद उसकी मौत हो गई. कमलेश की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली और एम्बुलेंस में रखकर नईगढ़ी थाना पहुंच गए. यहां उन्होंने शव के साथ थाने का घेराव किया और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. परिजनों का आरोप है कि इस निर्मम हत्या में आठ लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने एफआईआर केवल चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि दोनो पक्षो के खिलाफ प्रकरण दर्ज है और मामले की जांच चल रही है, जो तथ्य आएगे कार्यवाही होगी.
