सतना: नजीराबाद क्षेत्र में स्थित मुक्तिधाम में देर रात संदिग्ध गतिविधि देखने को मिली. दो वाहनों में सवार होकर पहुंचे 2 महिलाओं सहित 7 लोगों ने वहां पर दिया जलाकर तंत्र-मंत्र का प्रयास किया. जिसे देखते हुए स्थानीय रहवासियों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी लोग वहां से निकल गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात लगभग साढ़े 3 बजे नजीराबाद मुक्तिधाम में अचानक हलचल तेज हो गई.
मुक्तिधाम के गेट पर दो कारें आकर रुकीं. जिसमें से दो महिलाओं समेत 7 लोग उतरे और गेट के अंदर चले गए. बताया गया कि मुक्तिधाम के अंदर चिता जलाने के स्थान पर पहुंचने के बाद महिलाओं और पुरुषों द्वारा दिया जलाया गया. जिसके बाद सभी वहां पर बैठकर कुछ अजीब तरीके का पूजा-पाठ करते नजर आए. यह सिलसिला लगभग आधे घंटे तक बिना किसी रोक टोक के जारी रहा.
बाबा को ताकीद
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वहां पर रहने वाले अघोरी बाबा से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि उक्त सभी लोग संभवत: वाराणसी से आए थे. इसी कड़ी में अघोरी बाबा से जो जानकारी पुलिस को मिली उसके अनुसार उक्त सभी लोग मुक्तिधाम में तंत्र-मंत्र करने के लिए आए रहे होंगे. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा बाबा को ताकीद की गई कि रात के समय मुक्तिधाम का गेट बंद करके रखा जाए. गौरतलब है कि मुक्तिधाम की चौकीदारी के लिए नगर निगम द्वारा कर्मियों को रखा गया है.
