सतना: जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के हास्टल में बुधवार सुबह विजन टेक्नीशियन (वीटी) की छात्रा कीर्ति तिवारी ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही हास्टल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर जांच की।रीवा जिले के थाना डभौरा अंतर्गत कस्बा निवासी 20 वर्षीय कीर्ति तिवारी इसी वर्ष संस्थान में दाखिल हुई थी और प्रथम सत्र की परीक्षाएं चल रही थीं।
वह तीसरी मंजिल के कमरा नंबर-13 में अन्य छात्राओं के साथ रहती थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब सभी छात्राएं परीक्षा देने जा रही थीं, तब कीर्ति ने सिरदर्द का हवाला देकर कमरे में ही रुकने की बात कही। करीब नौ बजे परीक्षा शुरू होने पर उसकी अनुपस्थिति पर शिक्षिका ने जानकारी ली, जिसके बाद हास्टल वार्डन को उसे बुलाने भेजा गया। जब वार्डन कमरे में पहुंची तो कीर्ति दुपट्टे से पंखे में फंदा लगाकर लटकी मिली। नयागांव थाना प्रभारी गिरजाशंकर बाजपेयी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी में दवाइयों और पर्चों से पता चला कि वह माइग्रेन की बीमारी से पीड़ित थी।
माता पिता का हो चुका है निधन
सहेलियों के अनुसार वह अक्सर सिरदर्द से परेशान रहती थी। ट्रस्ट के प्रवक्ता राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि बचपन में माता-पिता के निधन के बाद उसका पालन नाना नानी ने किया था। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि छात्रा मूल रुप से चित्रकूट के हन्ना बिनैका की निवासी थी। बचपन में ही इसके माता पिता का निधन हो गया तो डभौरा में रहने वाले इसके नाना नानी ने अपने पास रखकर पढ़ाई कराई।
