दसगात्र कार्यक्रम में गिरी आकाशीय बिजली, सात लोग झुलसे

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदवार चौकी के टिकट गांव में बुधवार को दसगात्र कार्यक्रम के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली की चपेट में आने से सात लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों में आठ वर्ष की बच्ची समेत दो नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग घायलों को संभालने में जुट गए।

जानकारी के अनुसार टिकट गांव में धजमन सिंह गौड़ के भाई का दसगात्र कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान मौसम खराब होने के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से कार्यक्रम में मौजूद सात लोग घायल हो गए। हादसे में प्रमिला सिंह गौंड (18) पिता दलबहादुर सिंह निवासी टिकट, सुषमा सिंह गौंड (15) पिता राधे सिंह निवासी टिकट, सोनफूली सिंह, मनरूप सिंह (60) पिता देवराज सिंह निवासी बस्ती परसोहा, रामरती सिंह (50) पति बालबहादुर सिंह निवासी डॉमाडोल, नैना सिंह (55) पिता मोतीलाल सिंह निवासी कुंडला तथा आशा सिंह (8) पिता लाल बहादुर सिंह निवासी डॉमाडोल घायल हुए हैं।

आकाशीय बिजली गिरने के बाद कुछ घायल मौके पर ही बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही कुंदवार चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से देवसर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया जा रहा है, हालांकि कई घायलों के बेहोश होने की बात सामने आई है और उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल रहा। पुलिस की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। राहत कार्य में चौकी प्रभारी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बंशलाल प्रजापति, प्रधान आरक्षक विनय दोहरे, आरक्षक लोकेंद्र तथा डायल-112 में तैनात प्रधान आरक्षक जितेंद्र अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

आमरण अनशन के15 वे दिन मृतका के पिता को पुलिस ने उठाया ,जिला चिकित्सालय मे कराया भर्ती 

Wed Sep 16 , 2026
रीवा,  रीवा सिरमौर चौराहे पर न्याय के लिए लगभग 15 दिन से बैठे स्वर्गीय कल्पना मिश्रा के पिता राम शिरोमणि को पुलिस प्रशासन द्वारा जबरन ले जाया गया टेंट तंबू उखाड़ने का सिलसिला जारी है रामशिरोमणि को कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय में आईसीयू मे भर्ती कराया गया है अस्पताल के […]

You May Like