पांढुरना। शासकीय चिकित्सालयों में उपचारार्थ आने तथा भर्ती मरीजों को शासन की और से दी जाने वाली सुविधाओं का मरीजों को लाभ दिया जा रहा है या नहीं इस बात का जायजा लेंने गुरुवार को राज्य स्तरीय तीन चिकित्सकों की एक टीम द्वारा पांढुरना नगर के सिविल तथा नांदनवाडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया,इस दौरान इन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ।
नगर के शासकीय चिकित्सालय के साथ ही क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य मुख्यालय के ग्राम नांदनवाडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नजारा आज कुछ बदला बदला सा नजर आया,प्रदेश मुख्यालय भोपाल से तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम द्वारा निरीक्षण करने यहां पहुंचने से इन शासकीय चिकित्सालयों की व्यवस्था देखते ही बन रहीं थी। इस राज्य स्तरीय टीम में डां अभिषेक शर्मा,डा. वीरेंद्र सिंह धुर्वे एवं डां.राकेश श्रीवास्तव शामिल थे,इन्होंने सर्वप्रथम पांढुरना नगर जिला मुख्यालय स्थित सिविल चिकित्सालय का निरीक्षण करने के दौरान लैब की सुविधा सुचारू रूप से संचालन करने,सोनोग्राफी एवं सीजर ऑपरेशन तथा ओपीडी नियमित रूप से संचालन करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने इस चार मंजिला चिकित्सालय भवन में मरीजों को आने जाने के लिए लिफ्ट व्यवस्था की भी बात कहीं। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से मातृ तथा शिशु स्वास्थ्य के साथ ही यहां आने वाले प्रत्येक मरीजों का शासन की और से दी जाने वाली चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ।
इन तीन सदस्यीय चिकित्सा टीम द्वारा नगर के सिविल चिकित्सालय के साथ ही नांदनवाडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया । इस दौरान इनके साथ रविंद्र पराडकर बीपीएम एवं श्रीमती सरिता उइके प्रभारी मेंट्रन साथ में थे।
