आंध्र प्रदेश में कल रक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे राजनाथ

नयी दिल्ली 14 मई (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू शुक्रवार को राज्य के श्री सत्य साई जिले के पुट्टपर्थी में अनेक एयरोस्पेस एवं रक्षा परियोजनाओं के शिलान्यास/भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि रक्षा मंत्री एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के विमान एकीकरण एवं उड़ान परीक्षण केंद्र की आधारशिला रखेंगे। विमान एकीकरण, परीक्षण, प्रमाणीकरण एवं प्रमाणन के लिए यह सुविधा उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (एएमसीए) कार्यक्रम के विकास को गति प्रदान करेगी।

रक्षा मंत्री अनकापल्ली जिले के टी. सिरासापल्ली गांव में भारत डायनेमिक्स लिमिटेड की नई अत्याधुनिक नौसैनिक प्रणाली निर्माण सुविधा की भी आधारशिला रखेंगे। यह परिसर उन्नत जलमग्न हथियार प्रणालियों एवं नौसैनिक युद्ध प्रणालियों की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए स्थापित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड की सहायक कंपनी अग्नेयास्त्र एनर्जेटिक्स लिमिटेड की रक्षा ऊर्जात्मक सुविधा; श्री सत्य साई जिले के मदकसिरा में एचएफसीएल लिमिटेड के गोला-बारूद एवं विद्युत फ्यूज़ संयंत्र; तथा कुरनूल में ड्रोन सिटी की विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमिपूजन समारोह आयोजित किए जाएंगे। आंध्र प्रदेश सरकार के साथ विभिन्न समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।

 

 

Next Post

साय ने अमित शाह से मुलाकात की

Thu May 14 , 2026
रायपुर, 14 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक बदलावों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री साय ने […]

You May Like