साय ने अमित शाह से मुलाकात की

रायपुर, 14 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक बदलावों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैठक में ”मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” और ”बस्तर मुन्ने अभियान” के माध्यम से दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाओं, जनसुविधाओं और शासकीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना कठिन माना जाता था, वहां अब स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से पहुंचकर जांच, उपचार और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

श्री साय ने बताया कि बस्तर में पुराने सुरक्षा शिविरों को चरणबद्ध तरीके से ”जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जीवन आसान हुआ है और शासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

बैठक में बस्तर के समग्र विकास, जनविश्वास को सुदृढ़ करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार बस्तर को शांति, विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।

 

Next Post

अगले एक वर्ष तक दिल्ली सरकार के मंत्री और अधिकारी नहीं करेंगे आधिकारिक विदेशी दौरे : रेखा गुप्ता

Thu May 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण, संसाधनों की बचत, ‘वोकल फॉर लोकल’ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के आह्वान के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली सरकार की ओर से व्यापक जनभागीदारी अभियान ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ की घोषणा की। […]

You May Like