अहमदाबाद 26 नवंबर (वार्ता) ईरान और लेबनान की फुटबॉल टीम के बीच बुधवार को खेला गया एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन क्वालिफायर टूर्नामेंट का मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। आज का पहला और टूर्नामेंट का 5वां मैच ईरान और लेबनान की टीमों के बीच खेला गया, ईरान की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल खेला. 13वें मिनट में ईरान के 7वें नंबर के खिलाड़ी जफर असदी ने पेनल्टी क्षेत्र के बाहर से गेंद ली और लेबनान के डिफेंडरों मार्क अबी मंसूर और जकारियास ओवासीस को छकाते हुए दोनों खिलाड़ियों के बीच एक खूबसूरत गोल करके उन्हें 1-0 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 था।
दूसरे हाफ में लेबनान ने कड़ा संघर्ष किया और मैच के 65वें मिनट में लेबनान के जारशी नंबर 7 इयाद इदी ने गोल एरिया से जोरदार वॉली से गोल कर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. मैच का अंतिम स्कोर भी 1-1 रहा और मैच ड्रा हो गया.
इस टूर्नामेंट के ग्रुप डी मैचों की मेजबानी के लिए अहमदाबाद को चुना गया है। ग्रुप डी में मेजबान भारत के अलावा ईरान, फिलिस्तीन, चीनी ताइपे और लेबनान की टीमें शामिल हैं। पांच मैचों के अंत में 4 मैच ड्रा रहे हैं। ईरानी टीम ने चीनी ताइपे को 5-0 से हरा दिया है और फिलहाल अंक तालिका में सबसे आगे है।
