राजस्व वसूली को लेकर जोन क्रमांक 1 की समीक्षा बैठक, बड़े बकायादारों पर कुर्की की कार्यवाही के निर्देश

रीवा: नगर पालिक निगम रीवा के सहायक आयुक्त एवं राजस्व अधिकारी श्री रामनरेश तिवारी ने राजस्व वसूली को लेकर जोन क्रमांक 01 की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संपत्तिकर सहित अन्य करों की वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने वसूली कम होने पर असंतोष व्यक्त किया और निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि नमह कोर्टयार्ड होटल नगर निगम सीमा में स्थित होने के बावजूद उसके द्वारा अब तक कोई कर जमा नहीं किया गया है। इस पर श्री तिवारी ने होटल को संपत्तिकर के दायरे में लाकर नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्देश दिए कि बकायादारों के विरुद्ध धारा 173 के अंतर्गत नोटिस की कार्यवाही पूर्ण कर धारा 174 के अंतर्गत आगे की कार्यवाही की जाए। बड़े बकायादारों को चिन्हित कर उनसे प्राथमिकता से वसूली की जाए तथा समय-सीमा में कर जमा न करने वालों के विरुद्ध कुर्की सहित सख्त कार्यवाही की जाए।
श्री तिवारी ने कहा कि नगर निगम सीमा में स्थित ऐसी सभी संपत्तियों का सर्वे कर चिन्हांकन किया जाए, जो अब तक कर के दायरे से बाहर हैं, ताकि उन्हें कर निर्धारण में शामिल किया जा सके। उन्होंने राजस्व अमले को प्रतिदिन वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने तथा वसूली की दैनिक प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपना संपत्तिकर एवं अन्य बकाया कर समय पर जमा कर नगर विकास में सहभागी बनें और कुर्की जैसी अप्रिय कार्यवाही से बचें। बैठक के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी श्री नीलेश चतुर्वेदी, राजस्व निरीक्षक श्री रवि प्रकाश मिश्रा एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे

Next Post

भाजपा नेता पर जानलेवा हमला 8 से 10 अज्ञात बदमाशों ने लाठी-डंडों से की मारपीट

Sat Oct 3 , 2026
दतिया: हथियारबंद बदमाशों ने वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप किरार को निशाना बनाया। जानलेवा हमले में वे बुरी तरह घायल हुए हैं।मारपीट के बाद बदमाश उन्हें रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए।कोतवाली थाना क्षेत्र की इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में […]

You May Like