
इंदौर. सोनम के ख्वाब बड़े थे. वह सिर्फ एक सामान्य गृहिणी बनकर नहीं जीना चाहती थी. अपने सपनों के पंखों को उड़ान देने के लिए उसने काले कारोबार की हवा को सहारा बनाया. हवाला से आ रहे पैसों ने उसकी सोच, उसके इरादे और आखिरकार उसके रास्ते भी बदल दिए. और इस उड़ान में जो सबसे बड़ा रोड़ा बन गया, वह था उसका खुद का पति राजा रघुवंशी. जिसे उसने बड़ी बेरहमी से हटा दिया.
पुलिस जांच और मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आई जानकारी बताती है कि सोनम हवाला के जरिए लाखों रुपए की लेनदेन में लिप्त थी. उसका साथ दे रहा था राज कुशवाहा . वही युवक जो सोनम के पिता की प्लाईवुड कंपनी में काम करता था. पुलिस सूत्र बताते हैं कि हवाला नेटवर्क की आड़ में सोनम ने वह सब हासिल करना शुरू कर दिया था, जिसकी कभी उसने कल्पना की थी. कई बैंक खातों के जरिए छोटी-छोटी रकम को इधर से उधर कर, उन्होंने उस काले धंधे को अंजाम दिया जिससे किसी को शक भी न हो. इस लेनदेन में सोनम ने अपने मौसी के बेटे जितेंद्र रघुवंशी के खातों का भी इस्तेमाल किया. बताया जाता है कि जैसे-जैसे हवाला से पैसे आने लगे, सोनम के सपनों ने रफ्तार पकड़ ली. वह अब अलग जीवन चाहती थी आरामदायक, स्वतंत्र और यहीं से शुरू हुई एक ऐसी साजिश, जिसने एक पति की जान ले ली. अब जब शिलांग पुलिस की जांच गहराई में जा चुकी है, कई अहम सुराग हाथ लग चुके हैं मोबाइल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, हथियार की बरामदगी और साजिशकर्ताओं की बातचीत. सवाल यही है कि हवाला के पैसों से उड़ान भरने की चाह रखने वाली सोनम अब कितनी दूर तक गिरावट की गर्त में जाएगी.
