शुजालपुर। कलेक्टर शाजापुर ऋजु बाफना ने उप पंजीयक शुजालपुर प्रवीण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है.
यह कार्रवाई शुजालपुर मंडी के शिकायतकर्ता की 3 जून को प्राप्त शिकायत के बाद की गई है, जिसमें रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए उप पंजीयक प्रवीण कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शुजालपुर द्वारा की गई प्राथमिक जांच रिपोर्ट में दस्तावेजों के पंजीयन में अनियमितताएं पाई गईं. प्रवीण कुमार सिंह का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया. निलंबन अवधि के दौरान, प्रवीण कुमार सिंह का मुख्यालय जिला पंजीयक कार्यालय शाजापुर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी. उनके स्थान पर उप पंजीयक कालापीपल जयसिंह गडवी को शुजालपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
